संतकबीरनगर में नर्सिंग छात्रा की मौत:5 दिन बाद भी नहीं हुआ अंतिम संस्कार, दोबारा पोस्टमार्टम की मांग पर अड़े परिजन


संतकबीरनगर के धनघटा क्षेत्र की 21 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की मौत के मामले में पांच दिन बाद भी अंतिम संस्कार नहीं हो सका है। परिजन दूसरे डॉक्टरों के पैनल से दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़े हैं। बुधवार देर रात शव को पुनः पोस्टमार्टम के लिए पोस्टमार्टम हाउस ले जाया गया, लेकिन कुछ बिंदुओं पर सहमति न बनने के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी और अंतिम संस्कार टल गया। जानकारी के अनुसार, छात्रा खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में किराए पर रहकर नर्सिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। बीते शनिवार सुबह उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के दो दिन बाद परिजनों की तहरीर पर धनघटा क्षेत्र के उमरिया बाजार निवासी अन्नू अग्रहरि और छात्रा की एक सहेली के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। परिजनों का आरोप है कि छात्रा के शरीर पर चोट के निशान थे, जिन्हें पोस्टमार्टम के दौरान छिपाया गया। उनका दावा है कि पहले छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या की गई। परिजनों का कहना है कि जब तक दूसरे डॉक्टरों के पैनल से दोबारा पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इस बीच शव को ताबूत में सुरक्षित रखा गया है। बुधवार दोपहर से प्रशासन लगातार परिजनों को समझाकर अंतिम संस्कार कराने का प्रयास करता रहा। इस दौरान वीआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश साहनी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांग पर कायम रहे। इसके बाद प्रशासन ने दोबारा पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया। बुधवार रात करीब नौ बजे छात्रा का शव पुनः पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया गया। वहां अपर जिलाधिकारी (एडीएम), अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) और क्षेत्राधिकारी (सीओ) परिजनों से वार्ता करते रहे। इस दौरान निषाद पार्टी और बसपा के कई नेता भी मौके पर मौजूद रहे। अब सभी की निगाहें दोबारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि रिपोर्ट आने के बाद छात्रा की मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी, जिससे पुलिस जांच की आगे की दिशा तय करने में मदद मिलेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *