RLD के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता रोहित जाखड़ कांग्रेस में शामिल:दिल्ली में पवन खेड़ा ने दिलाई सदस्यता, RLD-BJP गठबंधन के बाद छोड़ी थी पार्टी


मेरठ के किसान नेता और राष्ट्रीय जाट महासंघ के अध्यक्ष रोहित सिंह जाखड़ ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। बुधवार को नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) मुख्यालय में कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा और वरिष्ठ नेता राजेंद्र पाल गौतम ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। रोहित सिंह जाखड़ इससे पहले राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल और भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन के बाद पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वह लंबे समय से सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए हुए थे। अब कांग्रेस में शामिल होकर रोहित जाखड़ ने एक बार फिर सक्रिय राजनीति में वापसी की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसान राजनीति और जाट समाज के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। वर्तमान में वह राष्ट्रीय जाट महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। कांग्रेस में उनके शामिल होने को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि रोहित जाखड़ के आने से कांग्रेस किसान और जाट समुदाय के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम करेगी। वहीं, आगामी चुनावों को देखते हुए इसे कांग्रेस के संगठन विस्तार की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। रोहित जाखड़ के कांग्रेस में शामिल होने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों पर भी नजरें टिक गई हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इसका असर खासतौर पर किसान और जाट बहुल क्षेत्रों की राजनीति में देखने को मिल सकता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *