गोविंद साहब में सीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारी:अम्बेडकरनगर में मंडलायुक्त और डीआईजी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर दिए निर्देश


अम्बेडकरनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 7 अगस्त को आलापुर तहसील क्षेत्र के रामनगर विकासखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल गोविंद साहब में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार दोपहर मंडलायुक्त राजेश कुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सोमेन वर्मा ने जिलाधिकारी ईशा प्रिया तथा पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हेलीपैड, मुख्य मंच, कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, आगंतुकों के आवागमन मार्ग, पार्किंग, बैठक व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। मंडलायुक्त और डीआईजी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और आमजन के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को समयबद्ध और सुरक्षित ढंग से पूरा करें। अधीक्षण अभियंता विद्युत को कार्यक्रम स्थल पर विद्युत सुरक्षा के विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपकर समन्वित रूप से कार्य कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत सिंह, प्रशिक्षु आईएएस थनिगईयरसन टी., परियोजना अधिकारी डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी, अधीक्षण अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *