![]()
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में इस बार आस्था के साथ विभिन्न सामाजिक और वैचारिक संदेश देने वाली कांवड़ भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। मंगलवार देर रात करीब 12 बजे मुजफ्फरनगर के शिव चौक पहुंचे बुलंदशहर के शिवभक्तों का एक जत्था ‘मोदी-योगी’ नाम की विशेष कांवड़ लेकर पहुंचा। कांवड़ के माध्यम से उन्होंने गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा देने की मांग उठाई। वहीं, टोली में शामिल एक मुस्लिम युवक समीर ने कांवड़ यात्रा में भाग लेकर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। हरिद्वार से गंगाजल लेकर निकली पांच सदस्यीय टोली ने शिव चौक पर परिक्रमा की और भगवान भोलेनाथ के जयघोष लगाए। अनोखी कांवड़ को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। कई लोगों ने कांवड़ के साथ फोटो और वीडियो भी बनाए। पहले भी ला चुके हैं विशेष कांवड़ बुलंदशहर निवासी शिवभक्त नीरज ने बताया कि उनकी टोली पहले भी विशेष संदेश देने वाली कांवड़ लेकर आ चुकी है। उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों से प्रभावित हैं। इसी भावना के साथ इस बार ‘मोदी-योगी’ नाम की कांवड़ तैयार कर हरिद्वार से गंगाजल लेकर निकले हैं। नीरज ने कहा कि उनकी मांग है कि गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा दिया जाए। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने भगवान शिव से वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश और वर्ष 2029 में केंद्र में वर्तमान नेतृत्व की वापसी की कामना भी की है। मुस्लिम युवक समीर भी बना यात्रा का हिस्सा नीरज ने बताया कि उनकी पांच सदस्यीय टोली में दिल्ली निवासी मुस्लिम युवक समीर भी शामिल है। उनके अनुसार समीर ने अपनी इच्छा से पहली बार कांवड़ यात्रा में भाग लिया है। समीर ने बताया कि वह सभी धर्मों का समान सम्मान करता है। उनका कहना है कि उनका पालन-पोषण एक हिंदू परिवार के सान्निध्य में हुआ, इसलिए वह हिंदू और मुस्लिम दोनों परंपराओं का आदर करते हैं। उन्होंने कहा कि यह उनकी पहली कांवड़ यात्रा है और उन्होंने भी भगवान शिव से सभी के सुख-शांति की कामना की। साथ ही उन्होंने गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा दिए जाने की भी प्रार्थना करने की बात कही। आकर्षण का केंद्र बनी विशेष कांवड़ शिव चौक पर पहुंची इस विशेष कांवड़ को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने टोली का स्वागत किया और कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। देर रात तक यह कांवड़ श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी रही।
Source link
मुजफ्फरनगर में 'मोदी-योगी' नाम की कांवड़ लेकर पहुंचे शिवभक्त:मुस्लिम साथी के साथ दिया भाईचारे का संदेश, गौ माता को 'राष्ट्रमाता' का दर्जा देने की मांग