![]()
कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार दोपहर एक कंटेनर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इस हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेल्पर घायल हो गया। दुर्घटना के कारण सड़क पर धान की भूसी बिखर गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। यह घटना तालग्राम थाना क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 169 बेहटा गांव के समीप दोपहर करीब दो बजे हुई। जानकारी के अनुसार, कंटेनर की कमानी का बोल्ट अचानक टूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। कंटेनर मध्य डिवाइडर से टकराने के बाद तीनों लेन में पलट गया। कंटेनर बिहार के बक्सर से धान की भूसी लादकर इटावा जा रहा था। इसमें हरदोई जिले के मल्लावां थाना क्षेत्र के गांव गौरी निवासी 36 वर्षीय मोहम्मद सलमान चालक थे, जिनकी हादसे में मौत हो गई। कानपुर देहात के बिल्हौर थाना क्षेत्र के गडरानी खंड चौरसा निवासी 34 वर्षीय अनुज पाल हेल्पर थे, जो घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रंजना पांडेय और यूपीड़ा के सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद कनौजिया बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल हेल्पर अनुज पाल और गंभीर रूप से घायल चालक मोहम्मद सलमान को तत्काल 108 एंबुलेंस से सीएचसी तालग्राम भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। बेहटा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक तरुण प्रताप सिंह ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान यातायात को पीली पट्टी से संचालित किया गया। सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद कनौजिया ने बताया कि पलटे कंटेनर को क्रेन की मदद से हटाने का काम जारी है, जिसके बाद यातायात पूरी तरह सामान्य हो जाएगा। थाना प्रभारी रंजना पांडेय ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
Source link
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कंटेनर पलटा, चालक की मौत:कन्नौज में डिवाइडर से टकराने के बाद भूसी सड़क पर बिखरी, हेल्पर घायल