![]()
मुजफ्फरनगर के जिला अस्पताल में तीन दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ईद और रविवार की छुट्टियों के कारण अस्पताल की सेवाएं बंद थीं, जिससे मरीजों का दबाव अचानक बढ़ गया और परिसर में अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई। सुबह से ही रजिस्ट्रेशन काउंटर, ओपीडी और दवा वितरण कक्ष के बाहर लंबी कतारें लग गईं। मरीजों और उनके तीमारदारों को पर्ची बनवाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। इस दौरान बुजुर्गों और बच्चों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ा। भीड़ के कारण अस्पताल परिसर में व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं। कई स्थानों पर धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही, जबकि दवा काउंटर पर भी भारी भीड़ देखी गई। मरीजों ने बताया कि छुट्टियों के बाद हर बार ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई अतिरिक्त इंतजाम नहीं किए जाते। अस्पताल में मौजूद कुछ लोगों ने यह भी बताया कि डॉक्टरों पर अचानक बढ़े मरीजों के दबाव के चलते परामर्श में देरी हुई। कई मरीजों को अपनी बारी आने तक लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। आंखों का चेकअप कराने आईं तरन्नुम ने बताया कि वह करीब डेढ़ घंटे से लाइन में लगी हैं, लेकिन अभी तक उनका नंबर नहीं आया। वहीं, फैसल ने जानकारी दी कि पहले पर्चा बनवाने के लिए घंटों रजिस्ट्रेशन की लाइन में खड़ा होना पड़ा और फिर ओपीडी में भी यही हाल रहा। अब वे दवाई के लिए भी लाइन में लगे हुए हैं। लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल प्रशासन को अतिरिक्त काउंटर, स्टाफ और बेहतर प्रबंधन की व्यवस्था करनी चाहिए। इससे मरीजों को राहत मिल सकेगी और उन्हें समय पर इलाज मिल पाएगा।
Source link
जिला अस्पताल में तीन दिन बाद उमड़ी भीड़:ईद-रविवार की छुट्टी के बाद रजिस्ट्रेशन, ओपीडी-दवा काउंटर पर लंबी लाइनें