![]()
शामली शहर के कबाड़ी बाजार में सोमवार को एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। बंद पड़ी एक जर्जर दुकान में युवक का शव होने की सूचना पर पहुंची पुलिस उस समय दंग रह गई, जब पंचनामा की कार्रवाई शुरू होने से पहले ही मृत समझा जा रहा युवक अचानक उठकर बैठ गया। घटना से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, कबाड़ी बाजार स्थित यह दुकान करीब एक वर्ष से बंद पड़ी है। बारिश के कारण दुकान की छत का बड़ा हिस्सा पहले ही ढह चुका है। सोमवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि दुकान के अंदर एक युवक का शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दुकान का ताला खुलवाया। दुकान के भीतर एक युवक बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। उसकी कोई हरकत नहीं होने पर पुलिस ने उसे मृत समझते हुए पंचनामा की तैयारी शुरू कर दी। इसी दौरान युवक अचानक उठकर बैठ गया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग और पुलिसकर्मी भी कुछ पल के लिए हैरान रह गए। नशे की हालत में मिला युवक पूछताछ में युवक ने अपना नाम अनिल बताया और खुद को काशीराम कॉलोनी का निवासी बताया। प्रारंभिक जांच में वह नशे की हालत में मिला। पुलिस का अनुमान है कि युवक नशे की अवस्था में दुकान की टूटी छत के रास्ते अंदर गिर गया और लंबे समय तक बेसुध पड़ा रहा। कोई हलचल न होने के कारण लोगों ने उसे मृत समझ लिया और पुलिस को सूचना दे दी। जांच अधिकारी राहुल देशवाल ने बताया कि युवक नशे की हालत में था। उससे पूछताछ की जा रही है कि वह बंद दुकान के अंदर कैसे पहुंचा। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Source link
बंद दुकान में 'शव' मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस:शामली में पंचनामा शुरू होने से पहले उठकर बैठा युवक