![]()
लखनऊ में मैट्रिमोनियल ऐप पर शादी तय होने के बाद खुद को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) का कर्मचारी बताने वाले युवक और उसके परिवार ने युवती से लाखों रुपए ठग लिए। पीड़िता का आरोप है कि सगाई के बाद आरोपी ने सरकारी बैंक से सस्ता लोन दिलाने का लालच देकर नकद और ऑनलाइन करीब 4.86 लाख रुपए ले लिए। बाद में पता चला कि आरोपी न तो आरबीआई में कार्यरत है और न ही उसके द्वारा भेजे गए लोन के चेक असली थे। पीड़िता की शिकायत पर गोमतीनगर विस्तार पुलिस मामले की जांच कर रही है। बाराबंकी के सूरतगंज ब्लॉक निवासी रितिमा मिश्रा ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि उन्होंने जीवनसाथी ऐप पर शादी के लिए प्रोफाइल बनाई थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात सुमित शर्मा से हुई। सुमित ने खुद को आरबीआई लखनऊ ब्रांच में कार्यरत बताया। दोनों परिवारों की मुलाकात के बाद 8 नवंबर 2025 को सगाई हुई। सगाई समारोह में युवती के पिता ने पांच लाख रुपए नकद, सोने की चेन, अंगूठी समेत अन्य आभूषण और उपहार दिए। सगाई के बाद शुरू की ठगी पीड़िता का आरोप है कि सगाई के बाद सुमित ने सरकारी बैंक से आसानी से लोन दिलाने का भरोसा दिलाया। इस झांसे में आकर उसने और उसके परिवार के लोगों ने 2.53 लाख रुपए नकद तथा 2.33 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। आरोपी की मां ने भी खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए लोगों को लोन दिलाने का भरोसा दिया। बाद में सुमित ने व्हाट्सएप पर लोन स्वीकृत होने के कथित चेक भेजे, लेकिन जांच में वे फर्जी निकले। रितिमा के अनुसार जब उन्हें शक हुआ तो 10 मार्च 2026 को वह आरोपी के बताए पते छोटा भरवारा, गोमतीनगर पहुंचीं। वहां मकान बंद मिला। पड़ोसियों और मकान मालिक से जानकारी करने पर पता चला कि वह मकान किराए का था और आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर किराए पर लिया था। पीड़िता का दावा है कि जांच के दौरान उन्हें दिल्ली, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के कई अन्य लोगों की जानकारी मिली, जिन्होंने सुमित शर्मा पर शादी का झांसा, लोन दिलाने और सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर रुपए लेने के आरोप लगाए हैं। रितिमा का आरोप है कि रुपए वापस मांगने पर सुमित और उसके परिजनों ने अभद्रता की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने 10 मार्च को गोमतीनगर विस्तार थाने में लिखित शिकायत दी। पीड़िता का कहना है कि शिकायत के बाद भी आरोपी पक्ष लगातार फोन कर धमकी दे रहा है और शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहा है। मामले में थाना प्रभारी गौरव बाजपेई का कहना है मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।
Source link
सगाई के बाद युवती से लाखों की ठगी:लखनऊ में लोन दिलाने का झांसा देकर ऐंठे रुपए, खुद को RBI कर्मचारी बताता था आरोपी