![]()
मऊ के शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी है। दो दिन पहले कराया गया था भर्ती
घटना रविवार की है। हलधरपुर थाना क्षेत्र के नसीराबाद गांव निवासी 30 वर्षीय महिला को दो दिन पहले ब्रह्मस्थान स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि उपचार में लापरवाही के कारण महिला की हालत बिगड़ती चली गई और रविवार को उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा
महिला की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। देर शाम तक अस्पताल प्रशासन और परिजनों के बीच बातचीत चलती रही। स्वास्थ्य विभाग ने गठित की जांच टीम
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डॉ. आर.एन. सिंह ने बताया कि मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम गठित कर दी गई है। टीम पूरे प्रकरण की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शहर कोतवाल प्रमेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Source link
निजी अस्पताल में महिला की मौत:परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया, स्वास्थ्य विभाग ने जांच टीम गठित की