दौड़ की प्रैक्टिस के दौरान युवक को मारी टक्कर, मौत:सीतापुर के पिसावां में हुआ हादसा, पुलिस तलाश में जुटी


सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सेना में भर्ती होने का सपना देख रहे एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। युवक रोजाना की तरह सुबह दौड़ की प्रैक्टिस के लिए घर से निकला था, लेकिन पिसावां-कुतुबनगर मार्ग पर पनहैया पुल के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय धीरेन्द्र सिंह निवासी हुसैनपुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, धीरेन्द्र सुबह करीब पांच बजे कुतुबनगर से पिसावां की ओर दौड़ लगा रहा था। हादसे के बाद राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिसावां ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पिसावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने बताया कि धीरेन्द्र अपने दो भाइयों में बड़ा था। उसने हाल ही में होमगार्ड की परीक्षा पास की थी और सेना में भर्ती होने के लिए रोजाना कड़ी मेहनत कर रहा था। वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के साथ अपने पिता के खेती-किसानी के काम में भी हाथ बंटाता था। उसकी मेहनत और लगन की गांव में चर्चा होती थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *