![]()
देवरिया रेलवे स्टेशन पर लूट और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई थी। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में उसने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। जीआरपी के अनुसार, रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में अपराध नियंत्रण तथा यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। बलिया के पुलिस उपाधीक्षक (रेलवे) सवि रत्न गौतम के पर्यवेक्षण में जीआरपी देवरिया की टीम ने शनिवार, 1 अगस्त को लखनऊ के इंदिरा नगर क्षेत्र से कृष्णा प्रताप सिंह उर्फ बिट्टू (34) को गिरफ्तार किया। आरोपी देवरिया शहर के सिंधी मिल कॉलोनी का निवासी है और उसके खिलाफ जीआरपी थाना देवरिया में पहले से मुकदमा दर्ज था। 24 जुलाई को स्टेशन की दुकान पर की थी वारदात पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 24 जुलाई को देवरिया सदर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 स्थित एक दुकान पर लूट और चोरी की घटना को अंजाम दिया था। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान कर उसकी तलाश शुरू की थी। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि लूटे गए रुपये उसने खाने-पीने और अपने निजी शौक पूरे करने में खर्च कर दिए। पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे जीआरपी के क्षेत्राधिकारी सवि रत्न गौतम ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। उसके खिलाफ देवरिया कोतवाली में मारपीट, छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है। जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में होने वाली लूट एवं चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की जा रही है।
Source link
देवरिया रेलवे स्टेशन पर लूटकांड का खुलासा:CCTV फुटेज से हुई पहचान, लखनऊ से आरोपी गिरफ्तार; पूछताछ में कबूला जुर्म