![]()
बुलंदशहर के ककोड़ थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा का शव मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा 31 जुलाई से लापता थी और शनिवार शाम उसका शव वैर रेलवे स्टेशन के पास बरामद हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया है कि छात्रा के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर शव फेंक दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक, छात्रा शुक्रवार (31 जुलाई) से घर से लापता थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार रात करीब 8 बजे वैर रेलवे स्टेशन के पास उसका शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि शव मिलने के समय छात्रा के शरीर पर कपड़े नहीं थे। उनका कहना है कि बच्ची के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और उसके बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में आक्रोश का माहौल है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा मौत की वजह का खुलासा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और दुष्कर्म की आशंका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एसएसपी बोले- हर एंगल से हो रही जांच बुलंदशहर के एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम और अन्य विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। भाजपा विधायक पहुंचे पोस्टमॉर्टम हाउस घटना की जानकारी मिलने के बाद सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक लक्ष्मी राज सिंह पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इलाके में दहशत, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी छात्रा की हत्या की खबर के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Source link
बुलंदशहर में लापता छात्रा का शव मिला:वैर रेलवे स्टेशन के पास मिली नाबालिग, दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप