कांवड़ यात्रा के चलते मेरठ में स्कूलों की छुट्टी:3 से 12 अगस्त तक स्कूल-कॉलेज बंद, परीक्षाएं पहले से तय समय पर होंगी


श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ तथा सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने जनपद के सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थानों में 3 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया है। डीएम के आदेश के अनुसार जिले के सभी बोर्डों से संबद्ध कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालय, जिनमें बेसिक शिक्षा परिषद, यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा बोर्ड और अन्य मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थान शामिल हैं, इस अवधि में पूरी तरह बंद रहेंगे। इसके अलावा जिले के सभी शासकीय और निजी महाविद्यालय, विश्वविद्यालय तथा तकनीकी संस्थान भी 3 से 12 अगस्त तक बंद रहेंगे। हालांकि जिन पाठ्यक्रमों या विषयों की परीक्षाएं पहले से निर्धारित हैं, वे पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। प्रशासन ने बताया कि 30 जुलाई से श्रावण मास शुरू होने के साथ ही हरिद्वार से बड़ी संख्या में कांवड़ियों का मेरठ के विभिन्न कांवड़ मार्गों से आवागमन शुरू हो चुका है। इसी को देखते हुए जिले में यातायात डायवर्जन योजना भी लागू कर दी गई है। छात्रों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सुचारु यातायात बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। डीएम डॉ. वी.के. सिंह ने सभी संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थानों और अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *