मऊ में संपूर्ण समाधान दिवस, 95 शिकायतें दर्ज:कर्मचारी मोबाइल चलाते और सोते दिखे, 8 का मौके पर निस्तारण


मऊ में अगस्त माह के पहले शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सदर तहसील में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित इस दिवस की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने की। इस दौरान कुल 95 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 87 शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने जोर देकर कहा कि जनता की शिकायतों का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। देखें, 3 तस्वीरें… हालांकि, जनसुनवाई के दौरान सभागार में एक अलग ही नजारा देखने को मिला। शिकायतें लेकर पहुंचे फरियादियों के बीच कई अधिकारी और कर्मचारी अपने मोबाइल फोन चलाते नजर आए, जबकि कुछ कुर्सियों पर ऊंघते और सोते हुए भी दिखे। इस रवैये को लेकर मौके पर मौजूद लोगों ने नाराजगी व्यक्त की और इसे फरियादियों के प्रति असंवेदनशीलता बताया। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यदि जनसुनवाई के दौरान किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा ऐसी लापरवाही बरती गई है, तो पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *