जितेन्द्र कुमार | चित्रकूट2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

चित्रकूट जिले के राजापुर क्षेत्र के खरसेड़ा गांव में विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण 6 गायों की मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की गोशाला के पीछे से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार जमीन से महज तीन फीट की ऊंचाई पर लटक रहा है, जिससे ये हादसे हुए।
किसान यूनियन के मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि यह समस्या कई महीनों से बनी हुई है। ग्रामीणों ने पहले भी गनीवा के जूनियर इंजीनियर (जेई) और राजापुर के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) को लिखित शिकायतें दी थीं। इन शिकायतों में हाईटेंशन लाइन को ऊंचा करने और तत्काल मरम्मत कराने की मांग की गई थी, लेकिन विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
ग्रामीणों के अनुसार, गोशाला के आसपास बड़ी संख्या में मवेशियों का आवागमन रहता है। बारिश के मौसम में जमीन गीली होने के कारण करंट फैलने का खतरा और बढ़ जाता है। ऐसे में न केवल पशुओं, बल्कि किसानों, चरवाहों और बच्चों की जान भी जोखिम में है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं।
गांव के लोगों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और विद्युत लाइन को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर नहीं किया गया, तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि समय रहते कार्रवाई न होने पर वे जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस संबंध में विद्युत विभाग की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
