![]()
गोंडा में गांव के लोगों ने लड़का-लड़की की मंदिर में शादी करा दी। शुक्रवार शाम को गांव वालों ने दोनों को साथ में देख लिया था, जिसके बाद पकड़कर मंदिर ले गए और दोंनों के घर वालों को भी बुला लिया। यहां 100 रुपये के स्टांप पर समझौता भी किया गया। मामला खोडारे थाना क्षेत्र का है। औसनी बुजुर्ग गांव के रहने वाली नैंसी (19) और पिपरा बाराखा के इंग्लैंस (20) के बीच दो साल से अफेयर चल रहा था। दोनों अक्सर एक-दूसरे से मिलते-जुलते थे। शुक्रवार देर शाम करीब 7 बजे ग्रामीणों ने दोनों को एक साथ देख लिया। इसके बाद उन्हें तुरंत पकड़कर जिगिरिया मंदिर ले जाया गया। ग्रामीणों ने दोनों के परिजनों को भी मंदिर बुलाया। दोनों पक्षों के परिजनों के बीच आपसी समझौते के बाद गांव वालों ने मंदिर में ही उनकी शादी करा दी। इस शादी को लेकर 100 रुपये के स्टांप पेपर पर एक समझौता भी हुआ। इसमें लिखा गया कि सामाजिक समझौते के आधार पर मंदिर में विवाह संपन्न हुआ, जिसमें लड़का और लड़की दोनों पक्षों के लोग गवाह हैं। मामले का वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि प्रेमी युगल मंदिर में खड़े हैं। पंडित द्वारा इंग्लैंस को चुनरी दी जाती है, जिसे वह नैंसी को ओढ़ा देता है। इसके बाद दोनों एक-दूसरे को जयमाल पहनाते हैं। इंग्लैंस नैंसी की मांग में सिंदूर भरता है, जिसके बाद नैंसी उसके पैर छूकर आशीर्वाद लेती है। इसके बाद लोगों ने लड़की को प्रेमी के साथ विदा कर दिया। खोडारे थाना अध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि दोनों प्रेमी युगल बालिग हैं। दोनों के परिवारों ने मंदिर में शादी कराई है। किसी के द्वारा अगर कोई भी आरोप लगाकर शिकायती पत्र दिया जाएगा तो उसके आधार पर जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
Source link
गांव वालों ने लड़का-लड़की को मिलते पकड़ा, शादी कराई:पंडित ने 5 मिनट में शादी कराई, स्टांप में साइन कराकर घर भेजा