![]()
ललितपुर जिले की महरौनी कोतवाली पुलिस ने दो महीने पहले हुई 7 लाख रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 लाख 23 हजार 560 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। उसके दो साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने शुक्रवार शाम करीब 6 बजे जारी बयान में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि चोरी की वारदात में शामिल आरोपी ग्राम चढ़रऊ के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर महरौनी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपी से मुठभेड़ हुई। इसके बाद मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के बोड़ा थाना क्षेत्र के कड़िया सांसी गांव निवासी सोनू धापनी पुत्र सुमेर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। बैंक से रुपये निकालने वाले व्यक्ति को बनाया था निशाना पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने गिरोह के साथ मिलकर लोगों की रेकी करता था और मौका मिलने पर नकदी, आभूषण व अन्य सामान चोरी कर लेता था। उसने स्वीकार किया कि 29 मई को सेंट्रल बैंक, महरौनी से रुपये निकालकर जा रहे एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल में रखा बैग तहसील महरौनी के पास से चोरी किया था। आरोपी के हिस्से के मिले 2.23 लाख रुपए पुलिस के मुताबिक, चोरी की गई रकम गिरोह के सदस्यों ने आपस में बांट ली थी। आरोपी के पास से बरामद 2,23,560 रुपए उसके हिस्से के हैं। उसके कब्जे से एक .315 बोर का अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। चार टीमों ने किया खुलासा चोरी के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक महेशचंद्र, चौकी प्रभारी खितवांस उपनिरीक्षक गुलाम फरीद, उपनिरीक्षक अनीत कुमार, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र पांडेय और हेड कांस्टेबल राघवेंद्र राजावत शामिल रहे। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Source link
ललितपुर पुलिस ने 7 लाख की चोरी का आरोपी पकड़ा:2 महीने पहले हुई थी वारदात; 2.23 लाख रुपए बरामद; दो साथी फरार