पुल न होने से जान जोखिम में डाल रहे ग्रामीण:रिंद नदी पर पुल नहीं, जुगाड़ू नाव के सहारे जिंदगी; विधायक बोलीं- जल्द होगा सर्वे


कानपुर देहात के रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र के अपौना गांव में रिंद नदी पर पुल न होने से सैकड़ों ग्रामीण रोज जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों की खेती की जमीन और मवेशी नदी के दूसरी ओर स्थित बरौछी गांव में हैं। ऐसे में उन्हें प्रतिदिन नदी पार कर खेतों और पशुओं तक पहुंचना पड़ता है। ड्रम और लकड़ी से बनाई अस्थायी नाव पुल के अभाव में ग्रामीणों ने लोहे के ड्रम और लकड़ी के पटरों से एक अस्थायी नाव तैयार कर रखी है। नदी के दोनों किनारों के बीच मोटी रस्सी बांधी गई है, जिसे पकड़कर ग्रामीण नाव को खींचते हुए नदी पार करते हैं। हर बार यह सफर जोखिम भरा साबित होता है। पहले भी हो चुके हैं हादसे ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या वर्षों से बनी हुई है। इस दौरान कई हादसे हो चुके हैं। कुछ वर्ष पहले नदी में डूबने से एक बच्चे की मौत भी हो गई थी। इसके बावजूद अब तक पुल निर्माण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
बरसात में और बढ़ जाती है मुश्किल ग्रामीणों को मवेशियों के लिए चारा भी इसी रास्ते से लाना पड़ता है। बरसात के मौसम में रिंद नदी का जलस्तर बढ़ जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। कई बार नदी का पानी गांव तक पहुंच जाता है, जिससे खेतों तक पहुंचना और मवेशियों की देखभाल करना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने पुल निर्माण की उठाई मांग ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से न केवल उनकी रोजमर्रा की परेशानी दूर होगी, बल्कि दुर्घटनाओं पर भी रोक लगेगी। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से रिंद नदी पर स्थायी पुल का निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि रिंद नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। एक बार फिर ग्रामीणों ने सरकार से स्थायी पुल बनवाने की मांग की है, ताकि उनकी रोजमर्रा की जिंदगी सुरक्षित और सुगम हो सके।
विधायक बोलीं- जल्द होगा सर्वे अपौना गांव कन्नौज लोकसभा क्षेत्र में आता है, जहां से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सांसद हैं। वहीं, रसूलाबाद से भाजपा विधायक पूनम शंखवार ने बताया कि उन्होंने हाल ही में गांव का दौरा कर समस्या का जायजा लिया है। इस संबंध में अधिकारियों से वार्ता हो चुकी है। जल्द ही सेतु निगम की टीम मौके का निरीक्षण करेगी, जिसके बाद पुल निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। एसडीएम बोले- समस्या के समाधान का करेंगे प्रयास रसूलाबाद के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) आशीष कुमार ने बताया कि उनका हाल ही में यहां तबादला हुआ है। उन्हें गांव में पुल न होने से ग्रामीणों को हो रही समस्याओं की जानकारी मिली है। संबंधित विभागों से समन्वय कर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *