व्हाट्सएप मैसेज भेजकर युवक सई नदी में कूदा:प्रतापगढ़ के घुइसरनाथ धाम पुल पर बाइक-मोबाइल बरामद, तलाश जारी


प्रतापगढ़ के लालगंज क्षेत्र स्थित घुइसरनाथ धाम के सई नदी पुल से शुक्रवार दोपहर एक युवक ने छलांग लगा दी। युवक अपनी बाइक और मोबाइल फोन पुल पर छोड़कर नदी में कूदा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। अमेठी जनपद के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पूरे शिवपाल, डेहरा विशेषरगंज निवासी 25 वर्षीय रवि मौर्य शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे घुइसरनाथ धाम स्थित सई पुल पर पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक कुछ देर तक पुल पर खड़ा रहा। इसके बाद उसने अपनी बाइक और मोबाइल फोन पुल पर ही छोड़ दिया और अचानक नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही घुइसरनाथ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की। कई घंटों तक नदी के विभिन्न हिस्सों में खोजबीन की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। नदी का तेज बहाव और अधिक गहराई तलाशी अभियान में बाधा बन रही है। देर शाम तक पुलिस और गोताखोर युवक की तलाश में जुटे रहे। घटना की सूचना मिलने पर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद सामने आई जानकारी के अनुसार रवि ने नदी में छलांग लगाने से पहले अपने भाई अभिषेक को व्हाट्सऐप पर आत्महत्या करने संबंधी एक संदेश भेजा था। मैसेज पढ़ते ही परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल रवि से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद परिजन घुइसरनाथ धाम पहुंचे, जहां पुल पर रवि की बाइक और मोबाइल मिलने से आशंका और गहरा गई। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की और घटना के संबंध में जानकारी एकत्र की। युवक के नदी में कूदने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। थाना प्रभारी गौरव त्रिवेदी ने बताया कि युवक की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली गई है। खोजबीन लगातार जारी है और युवक का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच भी कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *