![]()
सावन माह में कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। शुक्रवार को हरियाणा के रोहतक से आए आठ शिवभक्त 13 फीट ऊंची आकर्षक कांवड़ के साथ शामली पहुंचे। उनकी अनोखी कांवड़ को देखने के लिए कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने कांवड़ के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और वीडियो भी बनाए। पूरे रास्ते ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से माहौल शिवमय बना रहा। रोहतक निवासी मनीष, कविंदर और बॉबी ने बताया कि भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था के चलते उन्होंने इस वर्ष विशेष रूप से 13 फीट ऊंची कांवड़ तैयार कराई है। वे अपने अन्य साथियों के साथ हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। उनका कहना है कि भोलेनाथ की कृपा से यात्रा अब तक सुरक्षित और मंगलमय रही है। उन्होंने सभी कांवड़ियों से अनुशासन, संयम और श्रद्धा के साथ यात्रा पूरी करने की अपील भी की। इसी दौरान हरियाणा के फतेहाबाद जनपद के जाखल निवासी अजय और लक्ष्मण भी पहली बार कांवड़ लेकर शामली पहुंचे। दोनों युवाओं ने बताया कि भगवान शिव के प्रति उनकी गहरी श्रद्धा ने उन्हें पहली बार कांवड़ यात्रा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने हरिद्वार से गंगाजल भरकर अपने गांव तक पैदल यात्रा का संकल्प लिया है। अजय और लक्ष्मण ने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर लगाए गए सेवा शिविरों में भोजन, चिकित्सा, पेयजल और विश्राम जैसी व्यवस्थाएं सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर हर जगह शिवभक्ति का माहौल, ‘बोल बम’ के जयघोष और श्रद्धालुओं का उत्साह उनकी यात्रा को अविस्मरणीय बना रहा है। शामली से गुजर रहे कांवड़ मार्ग पर इन अनोखी कांवड़ों और पहली बार यात्रा कर रहे युवाओं को देखने के लिए दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही। देश के अलग-अलग राज्यों से आए शिवभक्तों की आस्था, उत्साह और भक्ति का संगम कांवड़ यात्रा को और भी भव्य बना रहा है।
Source link
शामली में 13 फीट ऊंची कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र:रोहतक के शिवभक्त पहली बार यात्रा पर निकले युवाओं में दिखा उत्साह