![]()
पीलीभीत जिले के ललौरीखेड़ा ब्लॉक में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार दोपहर दर्जनों ग्रामीण अपनी सुरक्षा की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि बंदरों के हमलों के कारण घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में बंदरों के हमले में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। कई घायल इलाज करा रहे हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे कई ग्रामीणों के हाथ, पैर और चेहरे पर पट्टियां बंधी थीं। उन्होंने बताया कि बंदर आए दिन लोगों पर हमला कर रहे हैं, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों और गलियों से गुजरना भी जोखिम भरा हो गया है। ‘घर से निकलते ही झपट पड़ते हैं बंदर’ गांव निवासी द्रौपदी देवी ने बताया कि घर से बाहर निकलते ही बंदर हमला कर देते हैं। उन्होंने कहा कि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं और अब लोगों को अपने ही घरों में असुरक्षा महसूस होने लगी है। कांग्रेस नेता के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन कांग्रेस नेता कुमुद गंगवार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह को शिकायती पत्र सौंपकर बंदरों के आतंक से जल्द राहत दिलाने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। डीएम ने वन विभाग को दिए कार्रवाई के निर्देश जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए वन विभाग की टीम को तत्काल मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।
Source link
पीलीभीत में बंदरों के आतंक से ग्रामीण परेशान:एक हफ्ते में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल, डीएम से लगाई गुहार