![]()
फतेहपुर जिले में एक अज्ञात शव की पहचान कर ली गई है। सदर कोतवाली क्षेत्र के उमरपुर मोड़ के पास गुरुवार सुबह मिले इस शव की पहचान राधानगर निवासी रामप्रकाश गुप्ता पुत्र रामसजीवन गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मृतक राधानगर थाने का हिस्ट्रीशीटर था और उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शुक्रवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर जांच तेज कर दी। मृतक के सिर के पीछे गंभीर चोट का निशान मिला, जिससे हत्या की आशंका बढ़ गई है। मौके से एक शराब की बोतल, चार प्लास्टिक के गिलास, पानी की बोतलें, नमकीन के पैकेट और मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस ने सभी साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि मृतक रामप्रकाश गुप्ता के खिलाफ राधानगर थाने में चोरी और नकबजनी के कई मुकदमे दर्ज थे। वह लगभग तीन माह पहले 10 अप्रैल 2026 को जेल से जमानत पर बाहर आया था। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल, पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
Source link
अज्ञात शव की पहचान, हिस्ट्रीशीटर था मरने वाला:सिर के पीछे चोट के निशान, हत्या की आशंका