![]()
बिजनौर में गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे मूसलाधार बारिश शुरू हुई, जो लगभग दो घंटे तक जारी रही। इस तेज बारिश के कारण शहर की अधिकांश सड़कें और सरकारी इमारतें पानी में डूब गईं। कई इलाकों में एक से तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ और नगर पालिका के जल निकासी दावों की पोल खुल गई। बारिश के चलते शहर के आवास विकास, नुमाइश चौक, काजीपाड़ा, मुस्लिम फंड, भाटान, सेंट मैरी रोड, पुलिस लाइन, पॉलिटेक्निक, स्टेडियम, वन विभाग आवास दफ्तर, बिजली घर और इंदिरा पार्क स्टेडियम सहित दर्जनों निजी व सरकारी इमारतों में दो फीट तक पानी भर गया। रामबाग कॉलोनी, मिशन और डीएम कंपाउंड से जाने वाले मार्गों पर भी भारी जलभराव देखा गया। तीन तस्वीरें देखिए जलभराव का सीधा असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा। पावर हाउस में पानी घुसने के कारण शहर के आधे हिस्से की बिजली गुल हो गई, जिससे स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले में मंगलवार से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है और रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इससे पहले सोमवार दोपहर को भी करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई थी, जिसके बाद देर रात तक हल्की बारिश जारी रही थी। इस बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को पिछले दिनों पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिली है। कृषि अनुसंधान केंद्र वेधशाला के प्रेक्षक सतीश कुमार ने बताया कि अगले एक से तीन दिन तक बारिश होने का अनुमान है। उन्होंने नगीना स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र में बुधवार को दर्ज किए गए मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी दी।
Source link
बिजनौर में भारी बारिश से सड़कें डूबीं, बिजली गुल:दो घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश, नुमाइश चौक-काजीपाड़ा समेत BSA कार्यालय में घुसा पानी