रामपुर में स्कूल बस खराब, भीषण जाम लगा:एंबुलेंस, 20 स्कूल बसें घंटों फंसी रहीं, डेढ़ घंटे में तक जूझती रही पुलिस


रामपुर के शाहबाद गेट के पास गुरुवार दोपहर एक स्कूल बस खराब होने से भीषण जाम लग गया। दोपहर करीब दो बजे हुई इस घटना के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। जाम में एक एंबुलेंस सहित लगभग 20 स्कूल बसें फंस गईं। एंबुलेंस चालक को रास्ता निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्कूल बसों में बैठे बच्चों और उनके अभिभावकों को भी भीषण गर्मी में घंटों इंतजार करना पड़ा, जिससे उनकी परेशानी बढ़ गई। रिक्शा चालक, बाइक सवार, साइकिल सवार और पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर यातायात पुलिस और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जाम खुलवाने और यातायात को सामान्य करने का प्रयास शुरू किया, लेकिन वाहनों की लंबी कतारें देर तक बनी रहीं। जहां तक नजर जाती थी, वहां तक वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दे रही थीं। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब प्रशासन ने कांवड़ यात्रा को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और जाम से निपटने के लिए विशेष योजना बनाई है। शहर के बीचोंबीच हुई इस घटना ने यातायात प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सेंट पॉल स्कूल के बस चालक जफर ने बताया कि लगभग 20 स्कूल बसें जाम में फंसी हुई हैं और स्कूली बच्चे गर्मी से बेहाल हैं। महर्षि विद्या मंदिर स्कूल की बस खराब होने के कारण यह जाम लगा था। फिलहाल, पुलिस और यातायात विभाग की टीमें जाम खुलवाने में लगातार जुटी हुई हैं और यातायात को सामान्य बनाने के प्रयास जारी हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *