![]()
गोंडा जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवी) झंझरी में कक्षा 7 की छात्रा की उंगलियां गरम सब्जी से जलने के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अमित कुमार सिंह ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए दो सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है। समिति को सभी पहलुओं की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। बीएसए ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बीएसए अमित कुमार सिंह ने गुरुवार सुबह बताया कि दो खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) की अध्यक्षता में गठित जांच समिति को विद्यालय पहुंचकर सभी छात्राओं के बयान दर्ज करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने का निर्देश दिया गया है। समिति यह भी पता लगाएगी कि छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं को अन्य किसी प्रकार की समस्या तो नहीं झेलनी पड़ रही है। 25 जुलाई की घटना में छात्रा ने लगाया गरम सब्जी डालने का आरोप मामला 25 जुलाई की रात करीब 8 बजे का बताया जा रहा है। कक्षा 7 की छात्रा प्रतीक्षा शर्मा का आरोप है कि भोजन वितरण के दौरान उसने रसोइया से सब्जी मांगी थी। इसी बात पर नाराज होकर रसोइया ने उसके बाएं हाथ पर गरम सब्जी डाल दी, जिससे उसकी उंगलियां झुलस गईं। घटना के बाद मामला सामने आने पर 26 जुलाई को जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय दर्जीकुआं पहुंचकर प्रारंभिक जांच की थी। इसके बाद 27 जुलाई को भी मामले की जांच की गई। बड़ी बहन से मारपीट के आरोप की भी होगी जांच बीएसए ने बताया कि जांच समिति को छात्रा प्रतीक्षा शर्मा की बड़ी बहन सरगम शर्मा के मामले की भी जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। सरगम, जो हाईस्कूल की छात्रा है, ने आरोप लगाया है कि 14 जुलाई को रसोइया ने उसे चम्मच से मारा था। समिति दोनों घटनाओं की परिस्थितियों और तथ्यों की अलग-अलग जांच करेगी। वार्डन और रसोइया से मांगा जवाब प्रकरण में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर बीएसए ने विद्यालय की वार्डन और संबंधित रसोइया को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। दोनों से निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब देने को कहा गया है। सभी छात्राओं के बयान होंगे दर्ज जांच समिति को निर्देश दिया गया है कि वह केवल घटना तक सीमित न रहे, बल्कि विद्यालय की समग्र व्यवस्था की भी समीक्षा करे। छात्रावास में रहने वाली सभी छात्राओं के बयान दर्ज किए जाएंगे, ताकि यदि किसी प्रकार की अन्य शिकायत या समस्या हो तो उसे भी रिपोर्ट में शामिल किया जा सके। बीएसए बोले- रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया है। दो खंड शिक्षा अधिकारियों की समिति सभी बिंदुओं पर विस्तृत जांच करेगी। वार्डन और रसोइया से भी जवाब तलब किया गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
KGBV छात्रा की उंगलियां जलाने की जांच को कमेटी गठित:गोंडा BSA ने 2 BEO को सौंपी जांच, वार्डन-रसोइया को नोटिस