कोचिंग से लौट रहे छात्र को डंपर ने रौंदा:महोबा में दोस्त की आंखों के सामने तोड़ा दम, ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार


महोबा में बुधवार शाम डंपर ने कोचिंग से घर लौट रहे छात्र को रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके साथ चल रहा दोस्त बाल-बाल बच गया। घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना कबरई थाना क्षेत्र का है। बुधवार शाम 16 वर्षीय छात्र महेंद्र कोचिंग से पढ़कर घर लौट रहा था, तभी मनीषा टॉकीज के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने उसे कुचल दिया। हादसे में उसके साथ मौजूद 17 वर्षीय दोस्त अजय सुरक्षित बच गया, लेकिन उसने अपने दोस्त को आंखों के सामने दम तोड़ते देखा। महेंद्र हमीरपुर के चांदी भवई गांव का निवासी था। वह अपने परिवार के साथ कबरई कस्बे के राजेंद्र नगर में रहकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहा था। बुधवार शाम वह महेवा रोड स्थित कोचिंग संस्थान से पढ़ाई कर घर लौट रहा था। रास्ते में शास्त्री नगर निवासी उसका मित्र अजय मिल गया। दोनों बातचीत करते हुए पैदल घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धरोन रोड पर मनीषा टॉकीज के पास पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने महेंद्र को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कबरई थाना प्रभारी संतोष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया। छात्र की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, हादसे के बाद क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि चालक की गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *