![]()
झांसी के टोड़ीफतेहपुर में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह घटना ग्राम बड़वार बस स्टैंड के पास हुई, जहां एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़े व्यक्ति को टक्कर मार दी थी। जानकारी के अनुसार, ग्राम मड़ोरी निवासी विनोद कुमार उर्फ भोला (पुत्र रामचरन अहिरवार) 22 जुलाई 2026 की सुबह शक्कर की पपड़ी और जीरा बेचने के लिए निकले थे। सुबह करीब 7 बजे जब वे ग्राम बड़वार बस स्टैंड के पास सड़क किनारे खड़े थे, तभी गुरसराय की ओर से आ रहे ट्रक संख्या UP75BT3817 के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विनोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गए हैं, जिनके सामने अब आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। मृतक के भाई परशुराम अहिरवार ने पुलिस को बताया कि अंतिम संस्कार और अन्य पारिवारिक रस्मों में व्यस्त होने के कारण वे तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके थे। उनकी तहरीर पर थाना टोड़ीफतेहपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बस स्टैंड पर खड़े व्यक्ति को ट्रक ने मारी टक्कर:झांसी में मौके पर ही मौत, अंतिम संस्कार के बाद भाई ने दर्ज कराया केस