नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार:फिरोजाबाद में पुलिस पर फायरिंग के दौरान पैर में लगी गोली


फिरोजाबाद में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला नारखी थाना क्षेत्र का है। सीओ अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि 27 जुलाई को थाना नारखी क्षेत्र के गांव नयावांस निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ पड़ोसी वीरेश उर्फ वीरा ने दुष्कर्म किया है। तहरीर के आधार पर थाना नारखी में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष पुलिस टीमें गठित की गई थीं। मंगलवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बेंदी की पुलिया के पास भागने की फिराक में है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोप है कि आरोपी ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी वीरेश उर्फ वीरा के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अवैध शस्त्र रखने, पुलिस टीम पर फायरिंग करने सहित अन्य संबंधित धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *