'BJP-RSS में दम है खुलकर कहे आरक्षण खत्म करेंगे':मुरादाबाद में यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र गौतम बोले-इस सरकार को छात्रों और शैक्षणिक संस्थाओं से नफरत


मुरादाबाद पहुंचे यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि देश में राज कर रही भाजपा और आरएसएस छात्रों और शैक्षणिक संस्थाओं से नफरत करती है। दिल्ली आंदोलन और जौहर यूनिवर्सिटी का जिक्र करते उन्होंने कहा कि इसीलिए ये सरकार छात्रों को कुचलने और शैक्षणिक संस्थाओं को तोड़ने पर आमादा है। राजेंद्र गौतम ने कहा कि भाजपा-आरएसएस बार-बार आरक्षण के मुद्दे को तूल देने की कोशिश करते हैं, यदि इनके भीतर दम है तो ये खुलकर कहें कि वे आरक्षण को खत्म करना चाहते हैं।
मुरादाबाद पहुंचे राजेंद्र पाल गौतम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, पार्टी अगले एक महीने में यूपी में अपन संगठन खड़ा कर लेगी। इसके साथ ही कांग्रेस समाज के विभिन्न तबकों के बीच जाकर बातचीत करके उनके मुद्दों को समझने की कोशिश कर रही है, इसके बाद घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा, जिसका नाम जनता का घोषणा पत्र होगा।
यूपी कांग्रेस प्रभारी बोले- मैं मुरादाबाद आने से पहले रामपुर होकर आया हूं। यूपी सरकार ने जिस तरह मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को तोड़ने की कोशिश की, वह निंदनीय है। लेकिन मुरादाबाद कमिश्नर ने इस पर स्टे देकर अच्छा काम किया है। उन्होंने कहा कि इस सरकार को छात्रों से ही नहीं बल्कि शैक्षणिक संस्थाओं से भी नफरत है। इस सरकार ने सभी संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया है। इस सरकार को न्यायालय और जांच एजेंसी किसी पर भरोसा नहीं रहा और पुलिस को इस सरकार ने हत्यारा बना दिया है।
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, राम का नाम लेकर और लोगों के धर्म और आस्था का इस्तेमाल करके सत्ता में आई ये राम के नाम पर आए चढ़ावे को ही चोरी कर लिया। ये सरकार सांसद, विधायक और पार्टियों को भी चुराती है। ये सरकार लोगों के मूल अधिकारों को कुचल रही है। बोले- राहुल गांधी ने प्रजेंटेशन के माध्यम से पूरे देश को बताया कि केंद्र सरकार के 5 मंत्रालयों शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, श्रम और विज्ञान के जितना बजट 3 लाख 58 हजार करोड़ रुपए लोग नीट, जेईई, यूपीएससी की तैयारी पर खर्च करते हैं। ये इस सरकार में देश की शिक्षा व्यवस्था है। सरकार ने देश की शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से बर्बाद करके रख दिया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि, भाजपा को समझना पड़ेगा कि सत्ता हमेशा किसी की नहीं रही। देश और छात्रों का भविष्य महत्वपूर्ण है। यदि ये (सरकार) इसी तरह जाति और धर्म की बात करते रहेंगे तो लोग आने वाले दिनों में इन्हें देशद्रोही की तरह जानेंगे। सरकार को चाहिए कि हिंदू -मुस्लिम छोड़े ओर देश को जोड़े।
कांग्रेस के यूपी प्रभारी ने कहा कि, देश में अभी तक 154 पेपर लीक हो गए। छात्र कब से इस्तीफा मांग रहे थे। इस्तीफा देने के बाद ऐसे कर रहे हैं जैसे कोई जंग जीतकर आए हैं। भाजपा धर्मेंद्र प्रधान के सपोर्ट में खड़ी है और उनका महिमा मंडन किया जा रहा है। बच्चे एग्जाम की तैयारी करते हैं और पेपर रद्द और लीक हो जाते हैं। ये सरकार है या जोकर हैं ये लोग। इन्होंने देश को मजाक बनाकर रख दिया है।
राजेंद्र गौतम बोले- लोग ऐसी तानाशाह सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार हैं और इसकी शुरुआत 2027 में यूपी से होने जा रही है। भाजपा की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। सरकार हम बनाएंगे। राहुल गांधी आज पूरे देश में युवाओं की आवाज बन गए हैं। सरकार ने हमारे देश का लीगल सिस्टम और एजुकेशन सिस्टम बर्बाद कर दिया। एक लाख से ज्यादा स्कूल भाजपा सरकार में बंद हो गए। पूरे देश के संसाधन दो तीन पूंजिपतियों को बेच दिया। कांग्रेस नेता बोले, आज पूरे देश में राहुल गांधी के अलावा दूसरा कौन नेता है जो आवाज उठा रहा हो छात्रों की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *