कौशाम्बी में लालचंद्र हत्याकांड में दो सगे भाई गिरफ्तार:पुलिस ने डंडा बरामद कर आरोपियों को जेल भेजा


कौशाम्बी के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र में हुए लालचंद्र हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा भी बरामद किया गया है। कौशाम्बी के मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने लालचंद्र हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुराने विवाद के चलते दोनों भाइयों ने मारपीट की थी, जिसमें घायल लालचंद्र की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामला 26 जुलाई का है। चक नारा गांव निवासी पर्वती पत्नी धर्मेंद्र कुमार ने मंझनपुर कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के छोटू उर्फ वीरेंद्र सोनकर और बितानू उर्फ मनोज सोनकर पुत्र गुलाब चंद्र सोनकर ने पुराने विवाद को लेकर उनके जेठ लालचंद्र के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। मारपीट में लालचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां 27 जुलाई को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंझनपुर पुलिस ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को कांशीराम मंदिर, उदहिन मार्ग के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने पुराने विवाद के कारण घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद किया गया। सीओ सदर ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *