विनीत राय हत्याकांड में दो पुलिसकर्मी निलंबित:लापरवाही का आरोप है, पूर्व कोतवाल दीनदयाल पांडेय और दरोगा चंद्रशंकर मिश्र पर गिरी गाज


गाजीपुर के चर्चित युवा कारोबारी विनीत राय हत्याकांड में पुलिस की लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई की गई है। वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण के निर्देश पर तत्कालीन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीनदयाल पांडेय और तत्कालीन हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक चंद्रशंकर मिश्र को निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। यह कार्रवाई विनीत राय के पिता आलोक राय की शिकायत पर हुई प्रारंभिक जांच के बाद की गई है। जांच में दोनों पुलिसकर्मियों की गंभीर लापरवाही सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार, 8 दिसंबर 2023 से विनीत राय के परिवार और शंकर पांडेय के बीच लगातार विवाद चल रहा था।
इस दौरान पुलिस को कई बार शिकायतें और प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन उन पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। वीडियो साक्ष्य होने के बावजूद एक पक्ष के खिलाफ ही कार्रवाई की गई। मुख्य आरोपी शंकर पांडेय पहले से गैंगस्टर एक्ट में नामजद और डी-63 गैंग का सदस्य था, फिर भी उसके खिलाफ सख्त कानूनी कदम नहीं उठाए गए। बाद में विनीत राय की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और मुख्य आरोपी शंकर पांडेय सहित कई अन्य आरोपियों पर कार्रवाई शुरू हुई।
प्रारंभिक जांच में यह भी पाया गया कि शिकायतों की जांच सरसरी ढंग से की गई और कई मामलों में अनावश्यक देरी बरती गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण ने स्पष्ट किया है कि गाजीपुर, जौनपुर और चंदौली में व्यापारियों व आम लोगों की सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *