अमरोहा में दो सड़क हादसों में एक की मौत:रोडवेज बस ने महिला को कुचला, युवक गंभीर रूप से घायल


अमरोहा में मंगलवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। पहला हादसा डिडौली थाना क्षेत्र में एहसन अस्पताल के पास हाईवे पर दोपहर करीब 12 बजे हुआ। मुरादाबाद की ओर से आ रही बड़ौत डिपो की रोडवेज बस ने एक महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में लेकर जिवाई चौकी पर खड़ा करा दिया। बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुरुआत में महिला की पहचान नहीं हो पाई थी।
पति का फोन आया तो हादसे की सूचना दी
बाद में महिला के क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन पर उसके पति गौरव सक्सेना का फोन आया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हादसे की जानकारी दी। मृतका की पहचान मीनाक्षी सक्सेना (लगभग 40 वर्ष), निवासी बुद्धि विहार कॉलोनी, मुरादाबाद के रूप में हुई। रामपुर निवासी मृतका के परिजन मोर्चरी के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गजरौला में साइकिल सवार को टक्कर मारी
दूसरा हादसा गजरौला थाना क्षेत्र में स्टेट हाईवे पर फाजलपुर के सामने हुआ। बिजनौर की ओर से आ रही एक डीसीएम ने साइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। युवक डीसीएम के पहिये के नीचे आ गया, जिससे उसकी टांग की हड्डी टूट गई और वह बेहोश हो गया। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घायल युवक (लगभग 35 वर्ष), निवासी मोहल्ला तिगरिया भूढ, थाना गजरौला को सीएचसी में भर्ती कराया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *