दहेज उत्पीड़न में पति समेत 9 लोगों पर FIR दर्ज:मारपीट, घर से निकालने और जान से मारने की धमकी का आरोप


बांदा जनपद के तिंदवारी थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत नौ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है। इन पर मारपीट, जान से मारने की धमकी और घर से निकालने जैसे गंभीर आरोप हैं। यह एफआईआर पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत के बाद दर्ज की गई। एफआईआर के अनुसार, पीड़िता शोयबा खातून का विवाह वर्ष 2019 में कमासिन थाना क्षेत्र के तिलौसा गांव निवासी असलम के साथ हुआ था। महिला का आरोप है कि शादी के समय उसके मायके पक्ष ने अपनी क्षमतानुसार नकद राशि, सोने-चांदी के आभूषण और गृहस्थी का सामान दिया था। इसके बावजूद, पति और ससुराल पक्ष के लोग दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे और अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते रहे। पीड़िता ने बताया कि कुछ समय बाद पति और अन्य ससुरालियों ने 3 लाख रुपए नकद और एक मोटरसाइकिल की मांग की। यह मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई, उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। मई 2023 में उसका स्त्रीधन छीनकर उसे घर से निकाल दिया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि बाद में पति असलम, ससुर हजरत, बहनोई कमालुद्दीन, जेठ नूर मोहम्मद और हुसैन पीड़िता के भाई के घर पहुंचे। वहां उन्होंने गाली-गलौज की और कथित तौर पर पीड़िता व उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने अपनी और अपने बच्चों की जान को खतरा बताया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति असलम, ससुर हजरत, सास शहीदन बीबी, जेठ राजू, नूर मोहम्मद उर्फ छोट्टन, जेठानियां रुखसाना बानों और गुलशन बानों, बहनोई कमालुद्दीन तथा हुसैन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *