महोबा में गर्भवती पत्नी के हत्याकांड में आरोपी पति गिरफ्तार:पोस्टमार्टम में खुलासा, गर्भ में पल रहे 8 माह के जुड़वां बेटों की भी मौत


महोबा में गर्भवती महिला की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से अहम खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, मनीषा के गर्भ में आठ माह के दो जुड़वां बेटे थे, जिनकी भी मां के साथ ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया। वहीं हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। मामला पनवाड़ी थाना क्षेत्र के बिजरारी गांव का है। यह घटना शनिवार रात बिजरारी गांव में हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। दो डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में पुष्टि हुई कि मृतक आठ माह की गर्भवती थी। उसके गर्भ में दो जुड़वां बेटे पल रहे थे। महिला की मौत के साथ दोनों अजन्मे बच्चों की भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी पति हनीफ जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान दंपति के चार वर्षीय बेटे फैजान ने पुलिस को बताया, “मां को पापा ने मार डाला।” बच्चे के इस बयान के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हसिया और खून से सने कपड़े बरामद किए। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *