फर्रुखाबाद में ई-रिक्शा चालक नाले में मिला:लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत


फर्रुखाबाद में सोमवार शाम पांच बजे पश्चिमी रेलवे स्टेशन क्रॉसिंग के पास एक ई-रिक्शा चालक नाले में पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रात 8 बजे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अंगूरीबाग निवासी सूरज मिश्रा (पुत्र शिवकुमार) के रूप में हुई है। सूरज ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। जानकारी के अनुसार, वह अपनी बहन रजनी को नेकपुर स्थित एक डॉक्टर के पास दवा दिलाने लाया था।
मृतक की मां पुष्पा देवी ने बताया कि सूरज अपनी बहन को डॉक्टर के पास छोड़ने के बाद किसी सवारी को लेकर चला गया था। कुछ देर बाद सूरज पश्चिमी रेलवे स्टेशन क्रॉसिंग के पास एक नाले में अचेत अवस्था में पड़ा मिला। राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। ईएमटी भानु प्रताप उसे एंबुलेंस से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गए, जहां इमरजेंसी में उसे भर्ती कर चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। स्वास्थ्य कर्मियों ने सूरज के पास मिले मोबाइल फोन से उसके परिवार को सूचना दी। सूचना मिलने पर उसकी मां पुष्पा देवी और भांजा लोहिया अस्पताल पहुंचे। रात 8 बजे उपचार के दौरान सूरज की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक छा गया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *