![]()
रामपुर में मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की 38 इमारतों पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर फिलहाल रोक लगने के बाद सोमवार रात उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय विश्वविद्यालय पहुंचे। उन्होंने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे छात्र-छात्राओं से मुलाकात की, उन्हें लड्डू खिलाकर शुभकामनाएं दीं और इस फैसले को छात्रों के संघर्ष की जीत बताया। हालांकि देर रात तक धरना समाप्त करने की औपचारिक घोषणा नहीं की गई थी।
सोमवार रात करीब 8 बजे अजय राय, पूर्व विधायक संजय कपूर समेत करीब 50 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ जौहर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पहुंचे। यहां छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय की 38 इमारतों के खिलाफ प्रस्तावित कार्रवाई के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना दे रहे थे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के पहुंचने पर छात्रों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मीडिया से बातचीत में अजय राय ने कहा कि यह फैसला छात्रों की एकजुटता और लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के आंदोलन से घबरा गई थी और उसे अपने फैसले पर पीछे हटना पड़ा। उन्होंने कहा, “यह देश के छात्र-छात्राओं की जीत है। सरकार को एहसास हो गया कि छात्र अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रहे हैं, इसलिए उसे पीछे हटना पड़ा।” अजय राय ने बताया कि मंगलवार को न्यायिक अवकाश (कंडोलेंस) होने के कारण विश्वविद्यालय से जुड़े मामले में सोमवार को ही मंडलायुक्त की अदालत में सुनवाई हुई। उनके अनुसार, अदालत से जौहर विश्वविद्यालय की 38 इमारतों के संबंध में प्रस्तावित कार्रवाई पर फिलहाल स्थगन (स्टे) मिल गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विश्वविद्यालय और छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है तथा आगे भी कानूनी लड़ाई जारी रहेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “यह साफ संकेत है कि सरकार पूरी तरह घबरा गई है। उसे आशंका थी कि यह आंदोलन दिल्ली से लेकर पूरे देश तक फैल सकता है। इसी घबराहट में सरकार और प्रशासन को कार्रवाई पर रोक लगानी पड़ी।” उन्होंने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय हजारों छात्रों के भविष्य से जुड़ा संस्थान है और कांग्रेस इसकी रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। अजय राय ने कहा, “मैं भरोसा दिलाता हूं कि जौहर विश्वविद्यालय की एक भी ईंट नहीं हिलने देंगे। हम छात्र-छात्राओं और विश्वविद्यालय के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं।”
Source link
जौहर यूनिवर्सिटी की 38 इमारतों पर कार्रवाई पर लगी रोक:कांग्रेस प्रदेश अजय राय बोले- यह छात्रों की जीत, एक ईंट भी नहीं हिलने देंगे