![]()
कांवड़ यात्रा को लेकर मेरठ का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। कांवड़ियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिले में 32 स्वास्थ्य टीमों और हेल्थ कैंपों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही 17 बाइक एंबुलेंस, 25 नामित निजी अस्पताल, एंटी स्नेक वेनम और डॉग बाइट इंजेक्शन सहित सभी जरूरी दवाइयों की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि कांवड़ मार्गों पर 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रामप्रसाद ने बताया कि जिले के सात से आठ प्रमुख कांवड़ मार्गों का जिलाधिकारी, सीडीओ और एसएसपी के साथ निरीक्षण कर हेल्थ कैंप लगाने के स्थान तय कर दिए गए हैं। प्रत्येक कैंप पर प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी, आवश्यक दवाइयां, वैक्सीन कैरियर और आपातकालीन चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने बताया कि जिले के 25 निजी अस्पतालों को भी कांवड़ यात्रा के लिए नामित किया गया है। इनमें 8, 10, 15 और 25 बेड क्षमता वाले अस्पताल शामिल हैं। सभी अस्पतालों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। यदि किसी कांवड़िए की हालत गंभीर होती है तो उसे निशुल्क एंबुलेंस के जरिए एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज या अन्य उच्च स्तरीय अस्पतालों में रेफर किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने इस बार 17 बाइक एंबुलेंस भी तैनात की हैं। प्रत्येक बाइक पर प्रशिक्षित चिकित्सक या पैरामेडिकल स्टाफ रहेगा, जो आवश्यक दवाइयों के साथ मौके पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार देगा। जिन स्थानों पर बड़ी एंबुलेंस का पहुंचना मुश्किल होगा, वहां बाइक एंबुलेंस तुरंत राहत पहुंचाएगी और जरूरत पड़ने पर मरीज को अस्पताल रेफर करेगी। सीएमओ ने बताया कि सभी बाइक एंबुलेंस 24×7 संचालित रहेंगी। इनके लिए पेट्रोल और अन्य व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित कर दी गई हैं। इसके अलावा जिला कंट्रोल रूम में स्वास्थ्य विभाग की अलग टीम तैनात रहेगी। हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना मिलते ही संबंधित स्वास्थ्य टीम और एंबुलेंस को तत्काल मौके पर भेजा जाएगा।
Source link
मेरठ कांवड़ यात्रा के लिए स्वास्थ्य विभाग का मेगा प्लान:32 हेल्थ कैंप, 17 बाइक एंबुलेंस और 25 निजी अस्पताल अलर्ट मोड पर