फर्जी आईडी से जौहर विवि वीडियो वायरल, युवक पर FIR:रामपुर पुलिस ने भड़काने और छवि धूमिल करने के आरोप में की कार्रवाई


रामपुर में जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े एक वीडियो को फर्जी सोशल मीडिया आईडी से वायरल करने के आरोप में अजीमनगर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि वीडियो के माध्यम से लोगों को भड़काने और पुलिस की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जौहर विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी उन्नति चंद्र विक्रम सिंह की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि “Engr. Anubhab Saga” नामक सोशल मीडिया आईडी से एक वीडियो शेयर किया गया, जो जांच में फर्जी पाई गई। पुलिस के अनुसार, वीडियो में जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े घटनाक्रम को इस प्रकार प्रस्तुत किया गया कि आम लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी पैदा हो और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। शिकायत में कहा गया है कि वीडियो के जरिए पुलिस प्रशासन की छवि धूमिल करने और लोगों को भड़काने का प्रयास किया गया। इस मामले में न्यू कृष्णा विहार कॉलोनी, रामपुर निवासी अनुभव सागर पुत्र आरडी सागर को नामजद किया गया है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, यह एफआईआर 26 जुलाई 2026 की रात 12:35 बजे दर्ज की गई। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव को सौंपी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने रविवार रात बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो, उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी भ्रामक, भड़काऊ या अपुष्ट सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करें। ऐसा न करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *