हाईवे किनारे युवक की गोली मारकर हत्या:पत्नी-बच्चे के साथ बनारस जा रहा था, दुकान पर चिप्स खरीदते समय फायरिंग


फर्रुखाबाद में रविवार देर शाम युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना नेशनल हाईवे पर पांचाल घाट के पास रात करीब 9 बजे हुई। युवक दुकान से कोल्ड ड्रिंक और चिप्स लेने के लिए रुका था, तभी कार से आए बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। दो गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों और आसपास के लोगों से मामले की जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अब जानिए पूरा मामला… फरीदाबाद के दयालपुर निवासी 32 साल के अरुण शुक्रवार को अपनी पत्नी राखी और बच्चे के साथ कार से बनारस दर्शन करने गए थे। रविवार को वे दर्शन कर वापस लौट रहे थे। गंगा एक्सप्रेस-वे से वे हरदोई के सवायजपुर में एक्सप्रेस-वे के कट से उतरे। इसके बाद वे शहर के पांचाल घाट पहुंचे। यहां ढाबे के पास स्थित किराना दुकान पर कोल्ड ड्रिंक, चिप्स और पानी की बोतल खरीदी। अरुण ने कोल्ड ड्रिंक खोलकर उसमें नमक डाला और अपनी पत्नी की ओर बढ़ा दिया। इस दौरान उनकी पत्नी और बच्चा भी गाड़ी से नीचे उतर आए थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार से आए बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी। अरुण को दो गोलियां लगीं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस, सीओ सिटी अभय वर्मा और अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। अरुण के शव को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मोर्चरी में रखवाया। पुलिस फिलहाल मृतक की पत्नी से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर अपने कब्जे में ले लिया है। वारदात के बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भी भीड़ जमा हो गई। एसपी आरती सिंह ने बताया- डायल 112 पर सूचना मिली कि किसी व्यक्ति की अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई है। तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। पता चला कि यह व्यक्ति शुक्रवार को अपने घर से बनारस जाने के लिए निकला था। आज यह वापस अपने घर फरीदाबाद जा रहा था। कुछ सामान खरीदने के लिए यह लोग एक दुकान पर उतरे थे। वहां पर दो युवक द्वारा फायर किया गया। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। शव का पंचायत नामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प रिजन से पूछताछ की जा रही है। पत्नी और एक बच्चा भी साथ में है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। टीमें लगा दी गई है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ क्लू मिले हैं। जल्दी इस घटना का अनावरण किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *