प्रयागराज में साड़ी शोरूम में भड़की आग:पहले धुआं उठा, फिर उठने लगीं लपटें, फायरब्रिगेड काबू पाने के प्रयास में जुटी


प्रयागराज के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित सुभाष चौराहे के पास रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्री पहनावा कलेक्शन साड़ी सेंटर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते शोरूम से धुएं का गुबार उठने लगा। धुआं निकलता देख राहगीरों और आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सबसे पहले मौके पर पहुंची और शोरूम के आसपास लोगों की भीड़ को हटाकर सुरक्षा घेरा बना दिया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू कर दिया। देर रात तक आग बुझाने का प्रयास जारी रहा। शोरूम के अंदर से धुआं निकलने पर हुई जानकारी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले शोरूम के अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद आग की लपटें भी नजर आने लगीं। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रविवार होने के कारण शोरूम बंद था। ऐसे में आग लगने के समय अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग से शोरूम में रखे लाखों रुपये के साड़ी स्टॉक, फर्नीचर और अन्य सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल वजह स्पष्ट नहीं
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है, लेकिन अधिकारियों ने अभी किसी कारण की पुष्टि नहीं की है। पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और उनका कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद घटना के कारणों की जांच की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *