मथुरा में पशुओं से भरा कंटेनर पलटा:100 से अधिक भैंस के बच्चों की मौत, चालक-परिचालक फरार


मथुरा के नंदगांव क्षेत्र में रविवार दोपहर करीब 3 बजे पशुधन से भरा एक कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 100 से अधिक भैंस के बच्चों की मौत हो गई, जबकि लगभग 50 पशुओं को सुरक्षित बचाया गया। दुर्घटना के कारण कामां रोड पर लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस, पशुपालन विभाग और पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार कंटेनर का केडी स्कूल के पास चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और कंटेनर सड़क पर पलट गया। बताया जा रहा है कि कंटेनर में क्षमता से अधिक, लगभग 200 से ज्यादा भैंस के बच्चे भरे हुए थे। कंटेनर पलटने से बड़ी संख्या में पशु उसके नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। कई अन्य पशु गंभीर रूप से घायल भी हुए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर बचाव अभियान में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद करीब 50 भैंस के बच्चों को जीवित बाहर निकाला जा सका। पशुपालन विभाग की टीम ने घायल पशुओं का मौके पर ही उपचार किया, जबकि गंभीर रूप से घायल पशुओं को आगे की चिकित्सा के लिए भेजा गया। मृत पशुओं को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। दुर्घटना के कारण कंटेनर सड़क पर ही पलटा रहा, जिससे कामां रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लगभग एक घंटे तक यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की मदद से कंटेनर को हटाया गया और मार्ग को यातायात के लिए फिर से खोल दिया गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कंटेनर तेज रफ्तार में था। उनका यह भी दावा है कि चालक के केबिन से खाली बीयर की बोतलें मिली हैं। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की अभी तक पुष्टि नहीं की है। हादसे के तुरंत बाद चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *