![]()
प्रयागराज में रविवार को 27वां कारगिल विजय दिवस पूरे सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों के संगठन वेटरन्स इंडिया ने शहीद स्तंभ पर विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। पूर्व सैनिकों ने कैंडल जलाकर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके साहस तथा बलिदान को नमन किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को याद किया। उन्होंने बताया कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य जीत का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह देशभक्ति, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। वेटरन्स इंडिया प्रयागराज के जिला अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सेना ने अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए दुश्मन को करारी शिकस्त दी थी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के बलिदान को कभी न भूलें। अनिल सिंह ने आगे बताया कि वेटरन्स इंडिया द्वारा प्रत्येक वर्ष कारगिल विजय दिवस पर शहीद स्तंभ पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को देशभक्ति और सैनिकों के बलिदान से परिचित कराना है। उन्होंने यह भी बताया कि संगठन ने शहीद स्तंभ पार्क के रखरखाव और संरक्षण की जिम्मेदारी भी संभाली है, ताकि यह स्थान शहीदों की स्मृतियों को संजोए रखे। अनिल सिंह ने वेटरन्स इंडिया के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका लक्ष्य “हमारी पहचान, अभियान, सम्मान और स्वाभिमान” है। इसी भावना के साथ संगठन पूर्व सैनिकों के सम्मान, उनके कल्याण और राष्ट्रभक्ति को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान देश की एकता, अखंडता तथा सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प भी लिया गया।
Source link
प्रयागराज में कारगिल विजय दिवस मनाया गया:पूर्व सैनिकों ने शहीद स्तंभ पर दी श्रद्धांजलि, युवाओं को राष्ट्रभक्ति का संदेश