![]()
लखीमपुर खीरी के ओयल कस्बे में शनिवार को एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक सहित पांच लोग घायल हो गए। यह हादसा लखीमपुर-सीतापुर मार्ग पर हुआ, जब मेंढक मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के ई-रिक्शा को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, फरधान थाना क्षेत्र के अमनिया गांव निवासी संगीता वर्मा (45) अपने परिजनों के साथ मेंढक मंदिर गई थीं। दर्शन के बाद वे सभी ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे। ओयल कस्बे के मुख्य चौराहे के पास सड़क पार करते समय ‘पुलिस’ लिखी एक तेज रफ्तार कार ने उनके ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस कर रही मामले की जांच हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल संगीता वर्मा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुर्घटना में नीलम देवी पत्नी जगदीश वर्मा, अंतिमा वर्मा पत्नी सुधीर कुमार, अनामिका पुत्री सुधीर कुमार सिंह, आरती वर्मा पत्नी अवनीत वर्मा (सभी बनवारीपुर महेवागंज निवासी) और ई-रिक्शा चालक रफीक पुत्र जियाउल्ला (बनवारीपुर निवासी) घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
Source link
पुलिस की कार की टक्कर से महिला की मौत:मेंढक मंदिर से लौट रहे ई-रिक्शा को मारी टक्कर, पांच घायल