![]()
शामली के कैराना थाना पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय चार शस्त्र तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 14 तमंचे, एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ पुत्र वीरेंद्र, समीर पुत्र जाबिर, उस्मान उर्फ गोल्डी पुत्र सूफियान और कौशर पुत्र कबूल के रूप में हुई है। ये सभी कैराना थाना क्षेत्र के ग्राम बराला, जनपद शामली के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से कुल 14 अवैध तमंचे, एक पिस्टल, कई जिंदा कारतूस और एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अवैध हथियार कम कीमत पर खरीदकर अधिक दाम पर बेचते थे। इस धंधे से होने वाली कमाई का उपयोग वे अपने व्यक्तिगत शौक पूरे करने में करते थे। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि वे हथियार कैराना थाना क्षेत्र के ग्राम तीतरवाड़ा निवासी आरिफ से खरीदते थे। पुलिस ने आरिफ की तलाश शुरू कर दी है और उसकी जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कैराना थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध हथियारों की तस्करी और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई को कैराना पुलिस की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे अवैध हथियारों के नेटवर्क पर गहरा प्रहार हुआ है।
Source link
शामली में अंतरराज्यीय हथियार तस्करी का भंडाफोड़:4 तस्कर गिरफ्तार, 14 तमंचे और पिस्टल बरामद