![]()
लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में पार्कों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में पहल की गई है। विधायक ओपी श्रीवास्तव ने शनिवार को 13 ओपन जिम का लोकार्पण किया और 18 वार्डों के 50 अन्य पार्कों में ओपन जिम स्थापित करने के लिए शिलान्यास किया। इस दौरान गोमतीनगर स्थित पूजा पार्क में इंटरलॉकिंग टाइल्स के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। साथ ही, विवेक खंड-2 स्थित पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य की भी शुरुआत हुई। विधायक ओपी श्रीवास्तव ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ अभियान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप क्षेत्र में स्वास्थ्य और सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन ओपन जिमों के बनने से युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को अपने घर के पास ही व्यायाम की सुविधा मिलेगी। इससे स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा। विधायक ने यह भी कहा कि पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पार्क, नाली, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्य लगातार जारी हैं। आने वाले समय में भी प्रत्येक वार्ड में जनसुविधाओं से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत गोमतीनगर के विवेक खंड-3 स्थित पूजा पार्क में इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण कार्य के शिलान्यास से हुई। इसके बाद विवेक खंड-2 में पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। मुख्य समारोह गोमतीनगर के राधा-कृष्ण पार्क में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर पार्षद संजय सिंह राठौर, अरुण राय, रामकुमार वर्मा, राकेश मिश्रा, दीपू जायसवाल, मधुबाला त्रिपाठी, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष सीता नेगी, मंडल अध्यक्ष अभिषेक राय, शैलेंद्र राय ‘डब्बू’ सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न आवासीय समितियों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
Source link
लखनऊ पूर्वी के 50 और पार्कों में लगेंगे ओपन जिम:विधायक ओपी श्रीवास्तव ने शिलान्यास किया, 13 का लोकार्पण