महिला आयोग की सदस्या ने सुनीं उत्पीड़न की शिकायतें:10 दिन में निस्तारण के दिए निर्देश, कहा- अफसर लापरवाही न बरतें


औरैया में राज्य महिला आयोग की सदस्या अनीता गुप्ता ने शनिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित जनसुनवाई में महिला उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का 10 दिन के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में प्राप्त अधिकांश शिकायतें महिला उत्पीड़न से संबंधित थीं। अनीता गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं और बालिकाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक और सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘मिशन शक्ति’ अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं और बालिकाओं से जुड़ी छोटी-बड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करें, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। साथ ही पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के भी निर्देश दिए। जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर एवं उप जिलाधिकारी अरसला नाज, जिला विद्यालय निरीक्षक कमलेश पांडेय, बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रवींद्र कुमार शशि, डीसी मनरेगा राम दुलार, जिला प्रोबेशन अधिकारी अशोक कुमार, महिला थानाध्यक्ष पूजा राठौर, संरक्षण अधिकारी रीना देवी, वन स्टॉप सेंटर की परामर्शदाता स्मृति सिंह सहित महिला कल्याण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *