![]()
NEET पेपर लीक केस में शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे के बाद यूपी के सियासत में हलचल तेज हो गई है। अपना दल कमेरावादी की पल्लवी पटेल ने कहा-जो कोई नहीं कर पाया उसे देश के युवा ने कर दिखाया। वहीं अजय राय ने कहा- देश के लाखों मेहनती छात्रों की जीत हुई। अपना दल कमेरावादी की पल्लवी पटेल ने कहा- देश के युवा और इस देश के युवा भारत को पुरज़ोर बधाई देना चाहती हूं। जो कोई नहीं कर पाया, वो इस देश के युवा ने कर दिखाया। वो सड़कों पर उतरे और मजबूर कर दिया कि जिन्होंने उनका भविष्य लूटने का काम किया था, उनका इस्तीफ़ा मंज़ूर करा दिया। इसके साथ मैं यह भी कहना चाहूंगी कि बहुत अच्छा हुआ और सरकार के लिए वॉर्निंग है कि अगर आपने यह नहीं किया होता और छात्र अगर कुछ दिन और रुक जाते, तो इस देश की सत्ता और व्यवस्था दोनों बदल देते। अजय राय बोले- देश के लाखों मेहनती छात्रों की जीत हुई यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा- लाठियों, आंसू गैस और पुलिसिया दमन के बल पर सच को दबाने की कोशिश करने वाली भाजपा सरकार को आज युवाओं की जिद के आगे झुकना ही पड़ा! यह जीत देश के लाखों उन मेहनती छात्रों की है, जो रातों-रात अपने भविष्य के लिए सड़कों पर डटे रहे। हमारे नेता राहुल गांधी और कांग्रेस का हर कार्यकर्ता युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर खड़ा था और रहेगा। अब मांग स्पष्ट है- इस पूरे तंत्र की गहराई से जांच हो और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी दोषी को न बख्शा जाए! इरफान सोलंकी ने कहा- सच परेशान हो सकता है पर पराजित नहीं सपा के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी ने कहा- दिल्ली में लगभग एक महीने चला, नौजवानों ने, बुजुर्गों ने सबने साबित कर दिया कि सच परेशान हो सकता है पर पराजित नहीं। आखिर जीत हम सब की हुई है, उन भारतवासियों की हुई है जिन्होंने यह हक की लड़ाई लड़ी। बधाई आप सबको। अल्लाह ताला आपके आने वाले कल को और उज्ज्वल और अच्छा और शानदार बनाए। वहीं सीसामऊ से विधायक नसीम सोलंकी ने कहा-मैं बधाई देती हूं उन बच्चों को, उन स्टूडेंट्स को, तमाम देश के बच्चों को जिन्होंने पढ़ाई के एजेंडे को आज जनता के बीच में रखा, सरकार के सामने रखा। उनकी माग पूरी हुई है, तो मैं दिल से उनको बधाई देती हूं। उन मां-बाप को सलाम करती हूं जिनके इतने जुझारू बच्चे… जिन्होंने अपनी बात रखी आगे आकर। और यही हमारे भारत का कल है और उनका भविष्य उज्ज्वल हो, मैं इसकी दुआ करती हूं। फिर से दिल से धन्यवाद।
Source link
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सियासत गरमाई:पल्लवी पटेल बोलीं- जो कोई नहीं कर सका युवाओं ने कर दिखाया