![]()
कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र के मसवानपुर में जमीन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अपनी जमीन पर पिलर लगाने का विरोध करने पर पड़ोसियों ने सब्जी विक्रेता और उसके परिवार पर पथराव कर दिया। इस दौरान सब्जी विक्रेता समेत उसके बेटे और बेटी के साथ मारपीट की गई, जिससे तीनों घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मसवानपुर निवासी सब्जी विक्रेता शकूर बक्स ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह रोज की तरह बाजार से सब्जी बेचकर घर लौटा तो देखा कि पड़ोसी मुराद, जिशान, छोटू, नूरजहां और नाजरीन उसकी जमीन पर जबरन पिलर खड़े कर रहे थे। जब उसने इसका विरोध किया तो सभी आरोपी आक्रोशित हो गए और गाली-गलौज करते हुए उस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर उसे बचाने पहुंचे उसके बेटे गौरी और बेटी चांदनी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट कर दी। घटना के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों के एकत्र होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने 112 नंबर डायल कर घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही रावतपुर थाने का फ़ोर्स मौके पर पहुंचा और घटना की जाँच पड़ताल शुरू की। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
जमीन विवाद में पथराव, सब्जी विक्रेता और दो बच्चे घायल:कानपुर में पांच नामजद आरोपियों पर मुकदमा, पुलिस ने जांच शुरू की