![]()
सीतापुर में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे सदर तहसील सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में महिलाओं की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आई महिलाओं ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। कार्यक्रम में कुल 29 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना, संपत्ति विवाद और कार्यस्थल पर उत्पीड़न जैसे मामले प्रमुख रहे। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने अपनी समस्याएं आयोग के समक्ष रखीं। कई पीड़िताओं ने लिखित शिकायतें भी सौंपीं। महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित महिलाओं को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष निस्तारण कराया जाएगा और किसी भी महिला के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। सुजीता कुमारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग एक वैधानिक संस्था है, जो महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। आयोग समय-समय पर जनसुनवाई, जागरूकता अभियान और विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर महिलाओं की समस्याओं को समझने और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास करता है। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि अन्याय और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने से पीछे नहीं हटना चाहिए। महिला आयोग हर उस महिला के साथ मजबूती से खड़ा है जो अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है। जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी सदर जर्नादन समेत पुलिस, महिला कल्याण एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आयोग को शिकायतों के निस्तारण की प्रगति से भी अवगत कराया।
Source link
महिला सम्बन्धी अपराधों में कार्रवाई न करने की शिकायत:महिला आयोग सदस्य ने सुनीं फरियाद, कहा- पीड़िताओं को न्याय जरूर मिलेगा