एटा में तालाब में डूबने से मासूम की मौत:दोस्तों के साथ नहाने गया था, गोताखोरों ने रेस्क्यू कर 7 घंटे बाद निकाला शव


एटा के जैथरा क्षेत्र में दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया 9 वर्षीय मासूम गहरे पानी में डूब गया। साथी बच्चे डर के कारण घटना की जानकारी किसी को नहीं दे सके। देर रात परिजनों की सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने करीब सात घंटे तक रेस्क्यू चलाया। रेस्क्यू अभियान के बाद तालाब से बच्चे का शव बाहर निकाला। मृतक की पहचान हिमांशु उर्फ बबलू (9), निवासी धूमरी कस्बा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे हिमांशु अपने दो दोस्तों के साथ घर से खेलने के लिए निकला था। तीनों पास स्थित एक तालाब पर पहुंचे और नहाने लगे। नहाने के दौरान हिमांशु अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथी घबरा गए और बिना किसी को बताए घर लौट आए। डर की वजह से उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों या गांव के किसी व्यक्ति को नहीं दी। जब देर रात तक हिमांशु घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। दोस्तों से पूछताछ करने पर उन्होंने तालाब में डूबने की बात बताई। इसके बाद तत्काल जैथरा थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अलीगंज सीओ राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब में तलाश अभियान शुरू किया गया। करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब 12 बजे बच्चे का शव तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *